शनिवार, 11 मार्च 2017

जालपा का चरित्र चित्रण

जालपा उपन्यास की नायिका है। उपन्यास के अन्य पात्रों की तुलना में वह उपन्यास में प्रमुख स्थान रखती है। वह उपन्यास का केन्द्र-बिंदु है और घटनाओं का विकास उसी के चरित्र के कारण होता है। जालपा का बचपन तथा प्रयाग का गृहस्थ-जीवन दुर्बलताओं से भरा पड़ा है। वह नारी की अनेक दुर्बलताओं से युक्त है, लेकिन रमानाथ के प्रयाग से जाने के बाद उसमें प्रेम, त्याग, सहिष्णुता, साहस, बुद्धि, कौशल आदि अनेक गुणों का श्रीगणेश होता है। जालपा के प्रारंभिक चरित्र को देखकर कोई यह अनुमान भी नहीं लगा सकता कि यह नारी इतनी कुशल, साहसी एवं क्षमता से युक्त हो जायेगी। वस्तुतः उसका चरित्र दुर्गुणों एवं दुर्बलताओं से गुणों एवं सफलता की ओर उन्मुख होता है। उसके चरित्र की विशेषताएँ इस प्रकार है।

1) आभूषण-प्रियता -- जालपा के चरित्र की सबसे बड़ी विशेषता उसकी आभूषण-प्रियता है। माता-पिता की इकलौती संतान होने के कारण वह बचपन से ही आभूषणों में पलती है। उसके पिता दीनदयाल जब कभी प्रयाग जाते तो जालपा के लिए कोई-न-कोई आभूषण अवश्य लाते। उनकी व्यावहारिक बुद्धि में यह विचार ही न आता था कि जालपा किसी और चीज से भी अधिक प्रसन्न हो सकती है। गुड़िया और खिलौने को वह व्यर्थ समझते थे। जालपा अपनी माँ का चन्द्रहार देखकर हट करने लगती है। उसकी माँ उसे समझाती है कि उसके ससुराल से चन्द्रहार आयेगा। परन्तु सात साल बाद जब उसका विवाह होता है तो उसकी ससुराल से चन्द्रहार नहीं आता। वह इस बात से अत्यंत दुखी हो जाती है। उसे ऐसा लगता है कि उसकी देह में एक बूँद रक्त नहीं है। चन्द्रहार न मिलने पर वह दुखी होकर बाकी के गहने भी नहीं पहनती है। गहनों के चोरी हो जाने पर वह पूरी तरहा से टूट जाती है और सबसे हँसना-बोलना, खाना-पिना सब छोड़ देती है। रमानाथ  उसके दुख को देखकर उधार के गहने बनवा देने की बात करती है। जालपा अपने झूठ-मूठ के संयम को बनाए रखती है लेकिन अवसर मिलने पर तानों द्वारा गहने न होने का दुख प्रकट करती है। जालपा के आभूषण प्रियता के कारण ही रमानाथ कर्ज में डूब जाता है और दफ्तर के पैसों से ही कर्ज उतारने की बेवकूफी करने की सोचता है। बाद में यही कारण बनता है उसके प्रयाग से भाग जाने का। जालपा रमानाथ के प्रयाग छोड़कर अचानक चले जाने पर बदल सी जाती है। उसे अपनी भूल का एहसास होता है। वह अपनी सहेली रतन के पास अपना जड़ाउ कंगन बेचकर रमानाथ के ऊपर लगे गबन के इलजाम को मिटा देती है।

2) स्वाभिमान की भावना -- जालपा के चरित्र में स्वाभिमान की भावना देखी जा सकती है। जब जालपा के सारे गहने चोरी हो जाते है और उसके माता-पिता को पता चलता है कि जालपा चन्द्रहार न मिलने पर दुखी है और सबसे दूर-दूर रहती है तो उसकी माँ अपना चन्द्रहार पार्सल करके भेज देती है। लेकिन जालपा यह हार स्वीकार नहीं करती, क्योंकि वह किसी का एहसान नहीं लेना चाहती थी। वह अपनी माँ को दिखा देना चाहती थी कि वह गहनों की भूखी नहीं है। दूसरी बार उसका स्वाभिमान तब जागता है जब वह रमानाथ को लेने कलकत्ता पहुँचती है और उसे पता चलता है कि रमानाथ ने अपने स्वार्थ-सिद्ध के लिए कई सारे निर्दोष लोगों के खिलाफ अदालत में गवाही दी है। उसे यह बिलकुल स्वीकार नहीं था कि रमानाथ किसी निर्दोष को सजा दिलवाकर धन और वैभव हासिल करे और जालपा को गहने बनवा कर दे। वह रमानाथ को बहुत समझाने का प्रयास करती है और उसकी कायरता पर उसे फटकारती भी है।

3) बुद्धि-संपन्न और प्रभावशाली व्यक्तित्व -- जालपा अपने समाज तथा काल के मुकाबले बहुत बुद्धिशाली तथा प्रभावशाली थी। जहाँ अन्य स्त्रियाँ घर की चार दिवारी के अंदर सीमित थी वही जालपा रमानाथ के  नौकरी लगते ही अपने आस-पास की स्त्रियों में अपना प्रभाव जमा लेती है। सिर्फ इतना ही नहीं जब रमानाथ प्रयाग छोड़कर चला जाता है तो उसे ढूँढने का अनोखा तरीका निकाल लेती है। वह शतरंज की पहेली अखबार में प्रकाशित कराकर पति को खोज निकालने की योजना बना लेती है। वह इसमें सफल भी होती है। अपनी चतुराई से रमानाथ पर लगे गबन के इलजाम को भी मिटा देती है। 


4) सद् गुणों की मूर्ति -- जालपा में कुछ अच्छे गुण कूट-कूट भरे है। जब वह कलकत्ता पहुँचती है तो वह रमानाथ के झूट तथा कायरता के लिए उसे खूब फटकारती है। वह अपने-आप को खतरें में डालकर भी रमानाथ को इस गलत काम को करने से रोकने की कोशिश करती है। वह उस सभी तथा कथित डाकूओं की खोज-खबर निकाल लेती है जिनको रमानाथ की झूटी गवाही द्वारा फाँसी की सजा तथा जेल हो जाती है। वह दिनेश नामक स्कूल-मास्टर की सेवा करने लग जाती है। जालपा को यह बिलकुल स्वीकार नहीं था कि किसी के खून से अपने आराम का महल तैयार हो। वह अंत तक अपने सद्-व्यवहार से सबका मन मोह लेती है। रतन के पति का जब देहांत हो जाता है और उसका भतिजा मणिभूषण उसकी सारी जायदाद छल से अपने नाम कर लेता है तब जालपा ही रतन का साथ देती है। जालपा के सद् गुण देख कर जोहरा बाई भी अपने-आप को बदल लेती है जो कि एक वेश्या थी और केवल भोग-विलास का ही जीवन उसे पसन्द था।

इस प्रकार हम देख सकते है कि जालपा का चरित्र उपन्यास के सभी पात्रों से श्रेष्ठ। वह एक देशभक्त नारी है। देश के खिलाफ जाने वालों से वह घृणा करती है। आभूषण-प्रियता उसके चरित्र में पायी जाती है लेकिन जब परिस्थितियाँ बदल जाती है तो वह भी अपनी कमजोरियों को दूर करने की कोशिश करती है। वस्तुतः जालपा का स्वाभाविक श्रृंगार-प्रेम, परंपरागत रीति -रीवाजों को तोड़कर स्वतंत्र चिंतन की क्षमता, विशाल हृदयता, देशभक्ति व मानव-प्रेम की भावना, त्याग करने की अपार शक्ति उसे भारतीय नारी के नए रूप का प्रतीक बना देते हैं।

बुधवार, 25 जनवरी 2017

संदर्भ सहित व्याख्या

नाटक उस वक्त पास होता है जब रसिक समाज उसे पसंद कर लेता है। बारात का नाटक उस वक्त होता है जब राह चलते आदमी उसे पसंद कर लेते हैं। दयानाथ का भी नाटक पास हो गया।

प्रसंग :- प्रस्तुत गद्यांश हमारे पाठ्य पुस्तक गबन उपन्यास से लिया गया है। इसके लेखक प्रेमचन्द जी है। इस प्रसंग में प्रेमचन्द ने दिखाया है कि कैसे मध्यमवर्गीय परिवार लोगों में बाहर वाले क्या कहेंगे इसकी चिन्ता सताती रहती है। शादी-ब्याह जैसे मौके पर यदि कोई कमि रह जाए तो जैसे उनके लिए संकट की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। रमानाथ की शादी जालपा से तय हो चुकी है और अब बारात को ढंग से सजाकर न ले जाने का भय रमानाथ और दयानाथ दोनों से ही आय से अधिक खर्च करवा लेता है जिसका उन्हें बाद में फल भुगतना पड़ता है।

व्याख्या:- प्रस्तुत गद्यांश में प्रेमचन्द ने उस समय का वर्णन किया है जब रमानाथ का विवाह जालपा से तय हो जाता है। टीके में एक हजार की रकम समधी से पाकर-मितव्ययी तथा आर्दशवादी दयानाथ अपने आदर्शों पर टिक नहीं पाते और अपनी आय से अधिक व्यय कर देते हैं। वह भी मध्यवर्गीय-कुसंस्कार से जकड़े हुए, पात्र हैं जिनका विश्वास होता है कि नाटक की सफलता सहृदयों द्वारा उसके पसंद किये जाने में निहित होती है। नाटक की उत्कृष्टता की परख चाार-पाँच घंटों में होती है। पर बारात की उत्कृष्टता या निकृष्टता का पारखी मार्ग चलती भीड़ होती है जिसे वास्तविकता से नहीं वरन् बाह्य चमक-दमक से ही मतलब होता है। जितने मिनटों में बारात के संग-संग चलने वाला तमाशा, आतिशबाजी, भीड़ आदि जनता द्वारा पसंद किए जाते हैं तो बाराती अपने को धन्य मानते हैं अन्यथा उनके सारे करे-कराये पर पानी फिर जाता है।

विशेष :- प्रस्तुत संदर्भ में लेखक ने दुःसंस्कार-ग्रस्त मध्यवर्ग पर तीखा व्यंग्य किया है।

बुधवार, 18 जनवरी 2017

गबन की आधुनिक प्रासंगिकता


            प्रेमचन्द द्वारा रचित ग़बन उपन्यास में, भारतीय मध्यमवर्ग का यथार्थ चित्रण हुआ है। इस उपन्यास में उसकी सारी कमजोरियों के साथ-साथ उसकी खूबियाँ भी दिखायी देती है। उपन्यास में जितने भी मुख्य पात्र है सभी मध्यमवर्ग से ताल्लुक रखते है। कुछ अमीर तथा अफसरशाह पात्र भी है जो कथानक के अन्त में आकर उसे रोचक मोड़ देते हुए अन्त तक ले जाते है। इस उपन्यास में प्रेमचन्द ने शहरी जीवन को विशेषकर तत्कालीन भारत में उभरते मध्यमवर्ग के जीवन को जिस रूप में वर्णित किया है और आज के भारतीय मध्यमवर्ग में काफी कुछ समानताएँ देखने को मिलती है।कथानक की शुरूआत कुछ ऐसे होती है कि— मुंशी दीनदयाल अपनी पुत्री जालपा को बचपन से ही खिलौनो की जगह कोई-न-कोई आभूषण लाकर देते थे क्योंकि उन्हें लगता था कि जालपा इसी से प्रसन्न होगी बाकी सब चीजें व्यर्थ थी। जालपा आभूषणों से ही खेल-खेल कर बड़ी होती है। एक दिन दीनदयाल जालपा की माँ मानकी के लिए चन्द्रहार लेकर आते हैं तो जालपा को वह हार बहुत भा जाता है। वह भी उसी हार के लिए अपने पिता से कहती है तो उसके पिता जल्द लाने का वादा करते हैं परन्तु वह नहीं मानती। तब उसकी माँ कहती है कि ऐसा चन्द्रहार उसकी जब शादी होगी तब उसके ससुराल से आएगा। बाल मन इसी कल्पना को सच मानकर बहल जाता है। जालपा धीरे-धीरे बड़ी हो जाती है और आख़िरकार वह दिन भी आता है जब उसका विवाह दयानाथ के बेटे रमानाथ से तय हो जाती है। जालपा ससुराल वालों की कल्पना करती है कि वे लोग उसके माता-पिता से भी अधिक प्रेम करेंगे, विशेषकर उसे चन्द्रहार बनवाकर देंगे। परन्तु नियती में कुछ और लिखा होता है। दयानाथ एक अलग किस्म के व्यक्ति थे। कचहरी में नौकरी करने के बावजूद भी वह रिश्वत के खिलाफ थे। किसी प्रकार 50 रूपये की मासिक आय से अपने परिवार का पेट पालते थे। वही उनका बेटा रमानाथ कॉलेज में दो महिने पढ़ने के बाद पढ़ाई छोड़ देता है। वह आधुनिक रंग-ढंग में डूबा हुआ नौजवान था। सैर-सपाटे, ताश इत्यादि, माँ तथा छोटे भाईयों पर रौब जमाना, दोस्तों की बदौलत शौक पूरा करना उसका काम था। जालपा से विवाह तय हो जाने पर वह अपने दोस्तों और जालपा के गाँव वालों पर प्रभाव डालना चाहता है परन्तु उसके पिता इस बात से साफ इन्कार कर देते है। फिर भी रमानाथ के जोर देने पर धूमधाम से बारात निकाली जाती है। उधर जालपा को ससुराल से चढ़ावे में चन्द्रहार आने की आशा थी जो पूरी नहीं होती है। विवाह के बाद रमानाथ जालपा पर अपने अमीर होने तथा हर प्रकार से सुखी-सम्पन्न होने को झूठ के ताने-बाने को बुनता है। वही दयानाथ पर विवाह में अनुशंगिक खर्चों के कारण कई सारे कर्ज चढ़ जाता है जिसे वह जालपा के गहनों द्वारा चुकाने की सोचते है।  जब जालपा के गहने इसी वजह से गायब हो जाते है तो जालपा शोक में डूब जाती है। वह सोचती रहती है कि जब ये लोग इतने धनी है तो क्यों  नहीं उसके गहने वापस बनवा देते है। जबकि परिवार की हालत कुछ और थी। रमानाथ जालपा से बहुत प्रेम करता था इसलिए वह जालपा के सामने सत्य को छुपाता फिरता था। अंत में रमानाथ नौकरी करके जालपा को गहने बनवा देने की सोचता है और अपने एक परिचित रमेश बाबू की मदद से म्यूनिसिपल बोर्ड में नौकरी कर लेता है। इसके बाद भी रमानाथ झूठ को नहीं छोड़ता, बल्कि वह अपने झूठ में और अधिक फंसता जाता है। वह अपनी आय अधिक बताता है। वह सर्राफ से उधार लेकर जालपा के लिए गहने बनाता है। जालपा भी अब अपने शोक से निकलकर घर तथा बाहर सभी से घुलने मिलने लगती है। इसी दौरान उसकी रतन नामक एक सम्भ्रान्त महिला से होती है। वह एक बड़े और बूढ़े वकील की पत्नी है। रतन को जालपा के जड़ाऊ कंगन बहुत अच्छे लगते है तो वह रमानाथ से इसी प्रकार के कंगन बनवा देने के लिए कहती है और रुपए दे देती है। रमानाथ इन्हीं रुपयों से सर्राफ के कर्जें उतारने तथा वैसे ही एक जोड़ा और कंगन बनवाने को कहता है तो सर्राफ सीधा इन्कार कर देता है। रतन को कंगन नहीं मिलते तो वह अपने रुपये वापस मांगती है। रतन के पैसे लौटाने के चक्कर में रमानाथ चुंगी के रुपये ही जालपा को लाकर दे देता है और जालपा भी अनजाने में वहीं रुपये रतन को दे देती  है। रमानाथ इस घटना से विचलित हो जाता है और उसे भय होने लगता है कि कही उसपर ग़बन करने का इलजाम न लगे। वह सबसे अपनी सारी परेशानी छुपाता फिरता है। अंत में वह एक चिट्ठी लिखकर जालपा को सारी बातें बताना चाहता है लेकिन वह भी उससे नहीं हो पाता। जालपा उसकी चिट्ठी पढ़ लेती है और रमानाथ को लगता है कि सारा भेद खुल जाने पर जालपा उससे घृणा करेगी वह डर से घर छोड़कर कलकत्ता भाग जाता है। वहाँ वह देवीदीन खटिक के यहाँ रहने लगता है। देवीदीन से भी वह अपनी वास्तविकता छुपाता है। उधर जालपा चिट्ठी पढ़कर अपने पति की वास्तविकता को समझ जाती है और अपने-आप को कोसने लगती है कि उसने गहनों का लालच किया ही क्यों था और अपने पति की इज्जत बचाने के लिए अपने सारे गहने रतन को बेचकर दफ्तर का सारा पैसा वापस कर देती है। रमानाथ इधर कलकत्ते में किसी प्रकार छुपकर जीवन बीताने की सोचता है लेकिन वह वहाँ की पुलिस के हाथों शक में उठा लिया जाता है। उससे पहले जालपा शतरंज की एक बाजी को अखबार में छपवाकर इनाम के 50 रुपये के जरिये पता कर लेती है कि रमानाथ कलकत्ते में है। वह उसे वहाँ ढूँढ भी लेती है लेकिन पुलिस के चक्रव्यू में फंसे रमानाथ को बहुत मुश्किल से अपने झूठ तथा वास्तविकता का बोध कराते हुए जालपा उसे छुड़ा पाती है।
            इस प्रकार हम देखते है कि पूरे कथानक में रमानाथ के झूठे रौब तथा उस झूठ से निकलने के लिए एक और झूठ का सहारा लेना ही उसके परिवार के बिखरने का कारण बनता है। आमतौर पर अन्य कई आलोचको में इस उपन्यास में स्त्रियों की आभूषण प्रियता को ही दोष माना है लेकिन ध्यान से यदि इस उपन्यास को पढ़ा जाए तो इसमें जालपा या रतन या किसी भी स्त्री पात्र का उतना दोष नहीं है। स्त्रियों के लिए स्वाभाविक बात होती है गहनों के प्रति उनका आकर्षण। भारतीय स्त्रियों की सुन्दरता की परिकल्पना में कभी भी कोई भी स्त्री बिना आभूषणों के सुन्दर ही नहीं दिखी है। यहाँ तक की सोने के आभूषण न हो तो वह चांदी या पीतल-तांबे के बने आभूषण पहनती है, यह भी न हो तो फूलों के बने आभूषण तो पहनती है। इतिहास में इसके कई उदाहरण दिखेंगे। फिर जालपा को तो बचपन से ही खिलौनो की जगह आभूषण दिये जाते रहे हैं तथा बाल मन में ही यही बातें डाली जाती रही है कि उसके ससुराल से उसके लिए चन्द्रहार आएगा। जालपा अपने पति के इस प्रकार घर छोड़कर चले जाने पर उसे दुख होता है तथा वह अंत में अपने इस लालच पर विजय पाने की ठान लेती है तथा उन सभी चीज़ों से मुक्ति पाने की सोचती है जिसके कारण यह सारी समस्याएँ खड़ी होती है। .....विपत्ती में हमारा मन अंतर्मुखी हो जाता है। जालपा को अब यही शंका होती थी कि ईश्वर ने मेरे पापों का यह दंड दिया है। आखिर रमानाथ किसी का गला दबाकर ही तो रोज रुपये लाते थे। कोई खुशी से तो न दे देता। यह रुपये देखकर वह कितनी खुश होती थी। इन्हीं रुपयों से तो नित्य शौक-श्रृंगार की चीज़ें आती रहती थी। उन वस्तुओं को देखकर अब उसका जी जलता था। यही सारे दुखों की मूल हैं। इन्हीं के लिए तो उसके पति को विदेश जाना पड़ा। वे चीज़ें उसकी आँखों में अब कांटों की तरह गड़ती थीं, उसके हृदय में शूल की तरह चुभती थीं।....आख़िर एक दिन उसने इन चीजों को जमा किया- मखमली स्लीपर, रेशमी मोजे, तरह-तरह की बेलें, फीते, पिन, कंघियां, आईनें, कोई कहां तक गिनाए। अच्छा-खासा एक ढेर हो गया। वह इस ढेर को गंगा में डुबा देगी, और अब से एक नये जीवन का सूत्रपात करेगी।[1] इस प्रकार हम देख पाते है कि प्रेमचन्द ने यहाँ पर आकर जालपा की आभूषण तथा अन्य सुख-सुविधा की इच्छाओं पर रोक लगाया है। वैसे भी रमानाथ का घर छोड़कर जाने का कारण जालपा नहीं थी बल्कि रमानाथ का डर ही था जो उसे अपने परिवार से अलग कर देता है। रमानाथ के इस झूठ तथा दिखावे के ताने-बाने को प्रेमचन्द ने उपन्यास के शुरूआत से ही दर्शाया है। उसके विवाह के समय से ही यह सब शुरू हो जाता है यथा दयानाथ दिखावे और नुमाइश को चाहे अनावश्यक समझें, रमानाथ उसे परमावश्यक समझता था। बरात ऐसे धूम से जानी चाहिए कि गांव-भर में शोर मच जाय। पहले दूल्हे के लिए पालकी का विचार था। रमानाथ ने मोटर पर जोर दिया। उसके मित्रों ने इसका अनुमोदन किया प्रस्ताव स्वीकृत हो गया... आतिशबाजियां बनवाईं, तो अव्वल दर्जें की। नाच ठीक किया, तो अव्वल दर्जे का, बाजे-गाजे भी अव्वल दर्जो के, दोयम या सोयम का वहां जिक्र ही न था। दयाना उसकी उच्छृंखलता देखकर चिंतित तो हो जाते थे पर कुछ कह न सकते थे। क्या कहते![2]  इसी प्रकार उसकी शादी के बाद भी रमानाथ को उसके झूठ के ताने-बाने तथा होने वाली समस्या का आभास होता रहता है परन्तु वह इसे नहीं त्यागता है। बल्कि वह और भी ज्यादा इसमें उलझता जाता है। जैसे कि सर्राफ से लिए उधार के गहनों का मोल चुकाने की बारी आती है तो दयानाथ सीधे-सीधे जालपा के गहनों को ही वापस लौटाकर उधार खत्म करना चाहते थे लेकिन रमानाथ सोचने पर मजबूर हो जाता है --- रमानाथ ने जवानों के स्वभाव के अनुसार जालपा से खूब जीट उड़ाई थी। खूब बढ़-बढ़कर बातें की थीं। जमींदारी है, उससे कई हजार का नफा है। बैंक में रुपये हैं, उनका सूद आता है। जालपा से अब अगर गहने की बात कही गई, तो रमानाथ को वह पूरा लबाड़िया समझेगी।[3] इसी प्रकार पूरे उपन्यास में रमानाथ के झूठ की परतों पर परत चढ़ती जाती है जिसमें जालपा  की आखों पर भ्रम का पर्दा चढ़ता ही जाता है। यही कारण है कि वह चन्द्रहार की जिद करती है, गहने चोरी हो जाने पर अत्यन्त दुखी हो जाती है। नामवर सिंह प्रेमचन्द के उपन्यासों पर चर्चा करते हुए कहते है कि आमतौर पर लोग कहते है कि गबन उपन्यास आभूषण प्रेम की कहानी है, यानी रमानाथ की बीबी जालपा गहना ज्यादा चाहती है। पूरा उपन्यास आभूषण प्रेम का उपन्यास कहकर टाल दिया जाता है। लेकिन इस उपन्यास में प्रेमचन्द ने मध्यवर्गीय नायक रमानाथ की ढुलमुलयकीनी को दिखाते हुए मध्य वर्ग की कमजोरियों की ओर इशारा किया है। शहरी मध्यवर्ग का आदमी, किस तरह ‘हिपोक्रेसी’ का शिकार होता है। मध्यवर्ग की स्थिति तो यह है कि परिस्थिति के कारण वह बीबी के सामने अपने खानदान की सम्पन्नता दिखाना चाहता है और अन्दर से वह इतना खोखला है कि एक छोटी-सी चीज़ बीबी को नहीं दे सकता है। इन दो स्थितियों के बीच ढुलकता, झूलता हुआ रमानाथ कहा जाता है? इस हद तक जाता है कि देशद्रोही हो जाता है।[4]
            गबन उपन्यास में भारतीय मध्यवर्ग का जो चित्रण हुआ है वह आज के युग में बहुत प्रासंगिक है। आज भी समाज में ऐसे कई लोग मौजूद है जो झूठे दावे के साथ अपना जीवन जीते है। विशेषकर युवा वर्ग में यह प्रवृत्ति अधिक नज़र आने लगी है। रमानाथ की ही भांति आज के युवा वर्ग आधुनिक भौतिक सुख-सुविधाओं को बाकी चीज़ों से अधिक महत्त्व देते है। सच्चाई, ईमानदारी, मेहनत, सरलता से कही अधिक अन्यों के सामने दिखावा करते रहते हैं। यही कारण है कि समाज किसी सकारात्मक दिशा की ओर अग्रसर नहीं हो पा रहा है। प्रेमचन्द ने जिस समय में ग़बन की रचना की थी उस समय भारतीय मध्यवर्ग के उदय का समय था। तभी से ही उनमें यह सारी प्रवृत्तियाँ उभरने लगी थी जो आगे चलकर किस रूप में परिणत होगा, शायद यह बात प्रेमचन्द समझ चुके थे। तभी उन्होंने जहाँ उसकी कमजोरियों को दर्शाया है वही जालपा के जरिए ही उसके सुधार का भी रास्ता दिखाया है कि जैसे जालपा अपने इच्छाओं को भुलाकर अन्त में अपने पति के ही हित के लिए उन क्रान्तिकारी लोगों की सेवा करने को तैयार हो जाती है जिन्हें डाकू बनाकर कलकत्ता पुलिस वाले सज़ा दिलवाने पर तुले हुए थे और जिसमें रमानाथ को झूठा गवाह बनाया जाता है। जालपा की इसी विशेषता को उजागर करते हुए रामदरश मिश्र कहते है कि – जालपा में मध्यवर्गीय नारी की युवती सुलभ आकांक्षा ( आभूषण-प्रेम, भोग-विलास की प्रवृत्ति, ऊँचे समाज की नारियों से मिलने-जुलने और उनसे स्पर्धा करने की इच्छा, यानी ऊपरी चमक-दमक को ही जीवन-मूल्य मान लेने की आसक्ति) के साथ नारी की समस्त पीड़ा, अभाव, सत्यनिष्ठा, निश्चयशक्ति, सेवा-त्याग और सहानुभूति है। रमानाथ असत्य से असत्य पर पहुँचता है, जालपा असत्य से सीधे सत्य तक पहुँचती है। उसका मनोबल अधिक जागृत और निर्विकल्प है।[5] प्रेमचन्द ने ऐसा इसलिए दिखाया क्योंकि उन्हें अपने देश से प्रेम था तथा देश का हित, समाज का हित उनके लिए सर्वोपरि रहा है। तथा वह यह भी जानते है कि समाज का प्रत्येक वर्ग यदि सही ढंग से आगे नहीं बढ़ेगा तो देश को गुलामी से मुक्ति नहीं मिलेगी। मध्यवर्ग एक ऐसा वर्ग है जिसके पास कुछ खोने के लिए भी है तो कुछ पाने के लिए भी है। वह न तो अभिजात्य वर्ग की तरह बेफिक्री के साथ जी सकता है, न ही जो जी में आए कर सकता है जिससे उसके मान-सम्मान में कोई आँच न आए। बल्कि यह वह वर्ग है जिसमें सदा एक भय सा बना रहता है कि जो कुछ भी हो लोगों के सामने बदनामी न हो। इसलिए वह किसी तरहा से घुट-घुट कर जीने पर मजबूर है। वही सर्वहारा वर्ग की तरह भी उसमें कोई गुण नहीं है। सर्वहारा वर्ग ने सदैव ही सारे अत्याचार सहे है। इन अत्याचारों के विरुद्ध उसमें आवाज़ उठाने की भी कोशिश करता रहा क्योंकि वह मध्यवर्ग की तरह खोखली आदर्शवादिता एवं मान-सम्मान के जंजाल में नहीं फंसा हुआ है। परन्तु मध्यवर्ग ऐसा नहीं कर सकता है। उसमें सदैव भय रहता ही है। दूसरी बात यह की पुरुष के मुकाबले स्त्रियों में अधिक मनोबल होता है। वह अपने प्रत्येक प्रकार की परिस्थितियों में भी जीना जानती है, संघर्ष करना जानती है। साथ ही प्रेमचन्द के उपन्यास की सबसे बड़ी विशेषता भी यही रही है कि उनके प्रत्येक नारी पात्र पुरुष पात्रों से कही अधिक सशक्त है। यद्यपि इस उपन्यास के पूरे कथानक के केन्द्र बिन्दु जालपा और रमानाथ ही रहे है परन्तु उपन्यास के दूसरे पात्रों की भी विशेषताओं ने भी इस उपन्यास को प्रासंगिक बनाया है। मुंशी दीनदयाल तथा दयानाथ जैसे व्यक्ति आज भी समाज में मौजूद है। मुंशी दीनदयाल जैसे लोग जो नियमित आय के अलावा भी अन्य प्रकार के स्रोतों से धन लाभ करते है यह बात समाज के लिए कोई नयी नहीं है। आज भी ऐसे कई लोग है जो अपना काम निकलवाने के लिए दफ्तरों के बाबूओं को रिश्वत देते है और अपना काम करवाते है। जमींदार के मुख्तार होने के नाते गाँव के लोगों पर अपनी हुकूमत चलाते है। आज़ादी के बाद भी कई सारे गाँवों में जमींदारी प्रथा समाप्त होने के बावजूद भी ऐसे कई लोग थे जिन्होंने अपनी इसी झूठी साख को बनाए रखने के लिए क्या कुछ नहीं किया। उसी प्रकार दयानाथ जैसे आदर्शवादी लोग आज भी हमारे समाज में विद्यमान है। देवीदीन खटिक तथा उसकी पत्नी समाज के निचले तबके का प्रतिनिधित्व करते है। इस उपन्यास में उनकी भूमिका बहुत अच्छे व्यक्ति के रूप में हुई है। जैसे रमानाथ को अपने घर में शरण देना, उसकी देखभाल करना, फिर जब जालपा भी रमानाथ को ढूँढते हुए कलकत्ता पहुँचती है तो देवीदीन उसका भी साथ देता है। यह सारी बातें यही दर्शाता है कि निचले तबको के लोगों में कही अधिक मानवीयता रहती है। जिसके कारण रमानाथ किसी गलत राह में तब तक नहीं जाता जब तक वह पुलिस के जाल में नहीं फँसता। उसी प्रकार रतन का पात्र भी यहाँ बड़ा सशक्त दिखायी देता है। वह धनी परिवार की स्त्री है फिर भी वह जालपा की वास्तविकता जानने पर भी उससे मित्रता बनाए रखती है। हालाकि उपन्यास में उसके साथ हुई त्रासदि को प्रेमचन्द वर्णित करते हुए अनमेल विवाह तथा मध्यवर्ग की धन लोलुपता एवं धोखाधड़ी( रतन के पति वकील साहब के भतीजे द्वारा किया गया धोखा) को भी सामने रखते है। आज भी ऐसे कई सारी घटनाएँ उदाहरण के तौर पर सामने रखे जा सकते है जिसमें अपनों के द्वारा ही अपनों को सम्पत्ति एवं जायदाद के लिए लूटा जाता है। विशेषकर स्त्रियों के साथ ही ऐसा होता है। उनके पति के मृत्यु के बाद सभी उनकी सम्पत्ति के दावेदार के रूप में खड़े हो जाते है। प्रेमचन्द के इस चीज को इस प्रकार उजागर किया है--- जायदाद मेरी जीविका का आधार होगी। इतनी भविष्य-चिंता वह कर ही न सकती थी। उसे इस जायदाद के खरीदने में, उसके संवारने और सजाने में वही आनंद आता था, जो माता अपनी संतान को फलते-फलते देखकर पाती है। उसमें स्वार्थ का भाव न था, केवल अपनेपन का गर्व था, वही ममता थी, पर पति की आंखें बंद होते ही उसके पाले और गोद के खेलाए बालक भी उसकी गोद से छीन लिए गए। उसका उन पर कोई अधिकार नहीं! अगर वह जानती कि एक दिन यह कठिन समस्या उसके सामने आएगी, तो वह चाहे रूपये को लुटा देती या दान कर देती, पर संपत्ति की कील अपनी छाती पर न गाड़ती। पंडितजी की ऐसी कौन बहुत बडी आमदनी थी। क्या गर्मियों में वह शिमले न जा सकती थी? क्या दो-चार और नौकर न रक्खे जा सकते थे? अगर वह गहने ही बनवाती, तो एक-एक मकान के मूल्य का एक-एक गहना बनवा सकती थी, पर उसने इन बातों को कभी उचित सीमा से आगे न बढ़ने दिया। केवल यही स्वप्न देखने के लिए! यही स्वप्न! इसके सिवा और था ही क्या! जो कल उसका था उसकी ओर आज आंखें उठाकर वह देख भी नहीं सकती! कितना महंगा था वह स्वप्न! हां, वह अब अनाथिनी थी। कल तक दूसरों को भीख देती थी, आज उसे ख़ुद भीख मांगनी पड़ेगी। और कोई आश्रय नहीं! पहले भी वह अनाथिनी थी, केवल भ्रम-वश अपने को स्वामिनी समझ रही थी। अब उस भ्रम का सहारा भी नहीं रहा![6] फिर भी रतन ने हार नहीं मानी। अपने भतीजे की आश्रिता होने या उसके द्वारा ठीक किये गए मकान में रहने के बजाए वह जालपा के घर चली जाती है। वहाँ वह उन लोगों की सेवा करते हुए रहना चाहती है ताकी वह मान-सम्मान के साथ जी सके। जालपा के यहाँ रतन के घर के जितने ऐशो-आराम की चीज़ें नहीं थी परन्तु प्रेम एवं आत्मीयता जरूर थी। यही कारण है वह उपन्यास के अंत तक जालपा के परिवार के साथ नज़र आती है।
            प्रेमचन्द ने इस उपन्यास की रचना की पीछे जो भी उद्देश्य रखा है, स्पष्ट है कि वह पाठक वर्ग के सामने यह बात रखना चाहते है कि झूठे दिखावे एवं खोखले विचारों से कुछ हासिल नहीं होता। मध्यवर्ग की समस्याओं को इस उपन्यास के जरिए उजागर करते हुए वह यही दर्शाना चाहते है कि असत्य के साथ जीना बहुत कठीन है बल्कि सत्य को स्वीकार करके जीना ज्यादा आसान है। मध्यवर्ग की यही सबसे बड़ी दुविधा रही है कि वह अपनी वास्तविकता जानता है परन्तु फिर भी उसमें इसे स्वीकार करके चलने की क्षमता कम है।
            अंत में प्रेमचन्द के उपन्यासों में इसी आधुनिकता के कारण आज भी उनके सभी उपन्यासो की प्रासंगिकता बनी हुई है और आगे भी पाठक वर्ग में वह पठनीय बने रहेंगे।

           
           




[1] गबन, प्रेमचन्द, वाणी प्रकाशन, नयी दिल्ली, पृ.सं—113.
[2] गबन, प्रेमचन्द, वाणी प्रकाशन, नयी दिल्ली, पृ.सं.—10.
[3] वही पृ.सं. – 16.
[4] प्रेमचन्द- विगत महत्ता और वर्तमान अर्थवत्ता,सम्पादक-मुरली मनोहर प्रसाद सिंह और रेखा अवस्थी, राजकमल प्रकाशन, नयी दिल्ली, 2006, अध्याय-3 राष्ट्रीय मुक्ति आन्दोलन का सन्दर्भ- नामवर सिंह, पृ.सं. 52-53
[5] हिन्दी उपन्यास-एक अन्तर्यात्रा, रामदरश मिश्र, राजकमल प्रकाशन, नयी दिल्ली, 2008 अध्याय-2-प्रेमचन्द-चुग, पृ.सं. 50.
[6]  गबन, वही, पृ.सं. 193.

शुक्रवार, 11 सितंबर 2015

मेरा आज..........



 बन्द हो चुकी है किताब सपनों की
थम चुकी है कविता दिल के अरमानों की
रुक चुकी है कलम, रुक गए मेरे हाथ

विचार, विमर्श, कल्पनाएँ
सोच, समझ, सारी कलाएँ
रस,छन्द, अलंकार
सब धरे-के-धरे रह गए है
खो चुकी शक्ति शब्दों की भी
लगता है अब ऐसा,
जैसे लिखी ही नहीं थी कविता कभी

एक वक्त था जब धारा सी बहा करती थी
एक वक्त आज है जहाँ स्रोत ही सूख गया है
पर फिर भी धारा तो धारा है
जब से बही है मार्ग तो बना गयी है
वर्षा के होते ही फिर से बहेगी।

पर वर्षा होगी कब पता नहीं?
जीवन में ऐसा मोड़ आया
जिसकी मधुर कल्पना थी मन में कही
हाथ थाम कर दूर मंजिल तक पहुँचेंगे
आशा थी बड़ी।

हाथ थाम कर ले जा रहा है मुझे
मैं साथ चली जा रही हूँ
पर किस दिशा में
मुझे पता नहीं, पता नहीं, पता नहीं।

शुक्रवार, 8 मई 2015

उषा प्रियंवदा की कहानियों में निहित अकेलेपन की समस्या।




              
          उषा प्रियंवदा हिन्दी कथा जगत् में विशिष्ट कथाकार के रूप में जानी जाती है। 1961 में इनका पहला कहानी-संग्रह ‘फिर बसंत आया’ पाठक जगत् के सामने आया और उसके बाद उनकी कई कहानी एवं उपन्यास पाठक जगत् को मिलते गए। उषा प्रियंवदा की इन सभी कथाओं में यथार्थ युगबोध निहित है। बदलते आधुनिक भारतीय समाज में पारिवारिक रिश्तों में बदलाव, बेकारी, अकेलापन, उदासी, नारी अस्मिता जैसी कई महत्त्वपूर्ण विषय उनकी कथाओं में अभिव्यक्त हुई है। वैसे तो उनकी कहानियाँ विभिन्न प्रकार के मुद्दों को लेकर होते है लेकिन सभी कहानियों में कुछेक तत्व समान रूप से दिखायी पड़ते है। वे है अकेलापन, उदासी, निराशा इत्यादि जो कि आज के आधुनिक भौतिकवादि जगत् की देन है। लोग आज अपने जीवन में भौतिक सुखों की तलाश में सबसे ज्यादा भटकते है, साथ में यह भी कह सकते हैं कि वे अन्य सुखों की तलाश में भी भटकते रहते है जिसके कारण वे अपने आस-पास की ज़िन्दगी में जो कुछ भी है या जो कोई भी है उनसे दूर हो जाते है या कट जाते है जिससे साथ वाला अकेला हो जाता है। अतः उषा जी ने अपनी कहानियों में जो कुछ भी व्यक्त किया है वह हमारे सामने कई सवाल विचार के लिए छोड़ जाती है। इसलिए उनकी कहानी इस दौर में ज्यादा महत्त्वपूर्ण हो जाती है। उनके कहानी लिखने की एक विशेष कला है कि वे अपने मुद्दों को सीधे-सीधे बयान नहीं करतीं बल्कि एक विशेष वातावरण तैयार करती हैं जिसमें पात्र चढ़ता-उतरता रहता है। उनके मानसिक उतार-चढ़ाव, उनके व्यवहार, उनकी बात-चीत आदि से ही सारी स्थिति स्पष्ट हो जाती है। उनकी कहानियों की विशेषता की चर्चा करते विजयमोहन सिंह का कहना है कि – उनकी कहानी एक विशेष प्रकार का मानसिक तथा परिवेशगत वातावरण रचती है, जिसमें उदासी, अकेलापन और बाहर या दूसरे से न जुड़ पाने की एक अभिशप्त स्थिति अंकित की जाती है। वह प्रायः उच्च शिक्षा प्राप्त कामकाजी आधुनिक स्त्री की नियति बन जाती है। खासतौर पर एक ऐसी स्त्री जो स्वतन्त्र, निजी और लीक से तनिक हटकर जीना चाहती है। यद्यपि उनकी सर्वाधिक चर्चित कहानी वापसी एक भिन्न प्रकार की कहानी है। उसमें एक सेवानिवृत व्यक्ति का अभिशप्त रूप व्यक्त किया गया है। वह वापस उसी दुनिया में (परिवार) नहीं जा सकता जहाँ वह जाना चाहता है, या जा सकता है। आधुनिक पारिवारिक संरचना की यह अनिवार्य नियति है।1
उषा प्रियंवदा की कहानियों में जो निहित युगबोध है उसमें सबसे अधिक स्वर जो उभरकर आता है वह है अकेलापन और उदासी। आज इस भाग-दौड़ की ज़िन्दगी में व्यक्ति चाहे कितना भी अपने मित्र, परिचित, प्रेमी या परिवार के साथ रह ले लेकिन कही-न-कही से कभी-न-कभी वह अपने-आप को अकेला महसूस करता है उदास रहने लगता है और अकेलेपन की ओर अग्रसर होता है। क्योंकि उसके मन में वर्तमान परिस्थिति में जो कुछ भी घटित होता है उसे वह स्वीकार नहीं कर पाता। उसके प्रतिकूल यदि कोई बात हो जाए तो वह जैसे उससे भागता फिरता है। साथ ही व्यक्तिगत जीवन में हर प्रकार की सुख-सुविधा की चाह की भाग-दौड़ में वह या तो सबको पीछे छोड़ आता है और फिर अकेला हो जाता है या साथ वाले को अकेला बना देता है। उषा प्रियंवदा की कुछ ऐसी ही कहानी है जिसमें आज के युग की सबसे बड़ी चुनौति अकेलेपन की समस्या जो या तो परिस्थितियों ने खड़ी की है या व्यक्ति ने स्वयं चाहा है। इस समस्या को उनकी कुछ प्रमुख कहानियों में देखा जा सकता है जो हे वापसी, सम्बन्ध, नींद, ज़िन्दगी और गुलाब के फूल, स्वीकृति। इन सभी कहानियों के स्त्री या पुरूष पात्र किसी-न-किसी कारण से अकेले नज़र आते हैं। इन सभी कहानियों में पात्र अपने अकेलेपन से छुटकारा भी पाने की कोशिश करते है तो कही वे अकेलेपन में ही जीना चाहते है। सभी कहानियों में परिवेश भिन्न है, परिस्थिति भिन्न है परन्तु समस्या एक ही। वापसी कहानी की बात की जाए तो इसका पात्र गजाधर बाबू पैंतीस साल की नौकरी से रिटायर्ड होकर घर लौटता है लेकिन परिवार के लोगों की उनके प्रति व्यवहार तथा उदासीनता ने उन्हें अकेले कर दिया है। जहाँ वे एक तरफ अपने परिवार से जुड़ना चाहते है वही उनके परिवार वालों को उनकी उपस्थिति खटकती रहती है। अंततः हारकर वे वापस अपनी उसी अकेलेपन की दुनियाँ में चले जाते हैं जहाँ से वह लौटे थे। यहाँ तक कि उनके चले जाने के बाद उनकी चारपाई तक को भी कमरे से बाहर निकाल देने के लिए उनकी पत्नी कह देती है। जिसके लिए गजाधर बाबू जो कि उसके पति है उससे कोई नाता नहीं बल्कि कमरे और डिब्बे-बर्तनों से है। एक दूसरी जगह छोटी-सी नौकरी करके वह अपने जीवन के इर्द-गिर्द घिरे अकेलेपन को भरना चाहते हैं।2
          सम्बन्ध कहानी की मुख्य पात्र है श्यामला। श्यामला एक पढ़ी-लिखी महिला है। जो कि विदेश में रहती है। एक समय उसका भी भरा-पूरा परिवार था जिसकी जिम्मेदारियाँ उसे उठानी पड़ती थी, लेकिन जब उसके परिवार के सभी लोग अपने-अपने जीवन में स्थिर हो जाते हैं तो वह उन्हें छोड़कर विदेश चली आती है। उसके परिवार वाले बीच-बीच में उसे वापस लौट आने के लिए कहते हैं लेकिन वह उन सबसे कटकर अकेले अपनी इच्छानुसार जीवन बीताना चाहती है। विदेश में रहकर वह फ्रीलांस काम करती है। वह सर्जन नामक एक व्यक्ति से सम्बन्ध रखती है जो कि एक डॉक्टर है। सर्जन जहाँ काम करता है उसी अस्पताल के पास वाली पहाड़ी के एक कॉटेज में अकेले रहती है। सर्जन नियमित रूप से उससे मिलने उसके कॉटेज आता-जाता रहता है। सर्जन उससे प्यार करता है और श्यामला भी उससे प्यार करती है। लेकिन उसे किसी भी प्रकार की कमिटमेंट वाली ज़िन्दगी नहीं चाहिए। सर्जन ने जब उससे एक बार अपने प्यार का ज़िक्र करते हुए कहा था कि वह अपने परिवार को छोड़कर उसके पास आ जाएगा तब श्यामला कह उठती है –क्या हम ऐसे ही नहीं रह सकते, प्रेमी, मित्र, बन्धु। क्या वह सब छोड़ना ज़रूरी है ? मैं तो कुछ नहीं माँगती।3 वस्तुतः श्यामला सर्जन के मुताबिक जीती नहीं। श्यामला सबसे कटकर रहती है जिसे वह देख नहीं पाता। उषा प्रियंवदा ने श्यामला के अकेलेपन की चाह तथा उसकी अपने प्रति की उदासीनता को सर्जन के मन में उठ रही भावनाओं के माध्यम से इस प्रकार व्यक्त किया है – वह लेटा-लेटा श्यामला को देखता है, दुबली-पतली साँवली श्यामला, अविवाहित शरीर अभी भी गठा हुआ है, उसमें युवावस्था की लचक है, चेहरे पर लावण्य आकर थम गया है, कभी-कभी नींद में उसकी बाँहें सर्जन को ऐसे कस लेती हैं, जैसे कभी अलग न होने देंगी और वह कहती है कि मन में कुछ नहीं बचा। कभी-कभी वह उसके कन्धे झिंझोड़कर कहना चाहता, जागो श्यामला, यह वैरागीपन तुम्हारा सहज स्वभाव नहीं है। हँसो, बोलो, आकंठ डूबकर प्यार करो, पर वह अब कहता नहीं। सिर्फ़ उस दिन की आशा में है जब श्यामला अपने आप जागेगी। अपने को काटकर रखने की बजाय जुड़ना चाहेगी। पर कभी ऐसा होगा भी?4 श्यामला के इस प्रकार अकेले स्वतंत्र रूप से रहने के पीछे उसके स्वार्थ-भरे सुख की चाह है। लेकिन यह अकेलापन उसकी भटकन है जो उसने खुद चुनी है। वह अपनी भावनाओं को भी मन में गहरे अंधेरे में छोड़कर जीने लगती है तभी कहानी में एक मोड़ आता है। कहानी की शुरूआत में एक लड़की जो कि सर्जन के चिकित्साधीन थी वह मर जाती है जिससे सर्जन को बहुत दुख होता है। वह लड़की वासत्व में भारतीय थी और श्यामला से उसके कॉटेज में मिलती है जिससे श्यामला की मित्रता होती है। श्यामला को जब पता चलता है कि वह लड़की वही है तो वह अपने-आपको रोक नहीं पाती और रोने लगती है और तब सर्जन उसे नहीं रोकता क्योंकि वह चाहता है कि श्यामला में फिर से भावनाओं का स्त्रोत उमड़ आए।
          वही नींद कहानी की नायिका अपने पति से अलग हो जाने का दर्द पाती है। वह विदेश में उसके पति के साथ आकर रहती है लेकिन दोनों अलग हो जाते है। उसे यह अकेलापन बहुत खटकता है वह उससे डरती है – मैं बहुत कम चीज़ों से डरती हूँ – न रोग से, न गरीबी से, न ठंड से, डरती हूँ तो बस एक लम्बी, अँधेरी रात के अकेलेपन से। और, उसके त्राण के लिए ही इधर-उधर भटकती हूँ।5 वह अकेलापन दूर करना चाहती है। उसे रात को अकेले नींद नहीं आती है। डॉक्टर उसे बचाना चाहता है। डॉक्टर के मुताबिक यह उसकी मानसिक बिमारी है जिससे उभरकर वह यदि आ जाए तो फिर से अपना घर बसा सकती है। लेकिन वह नहीं मानती कि वह बीमार है । वह कहती है भी है कि – नहीं, मैं रूग्ण नहीं हूँ, न मुझमें कोई मानसिक विकृति है। वह डॉक्टर, मेरा मनोविद् झूठ कहता है। मैं पूर्णतया स्वस्थ हूँ। मैं केवल साथ ढूँढती हूँ, कम्पेनियनशिप, तुम्हें जिलाए रखने के लिए।6  कहानी के अंत में नायिका अपने पुराने घर जहाँ वह और उसका पति आकर रहा करते थे वहाँ जाती है। उसकी पति के साथ बीते वक्त को तलाशने। उसे इस अकेलेपन ने बहुत सताया है जिससे उसे नींद नहीं आती और वह नींद की गोलियाँ लेती है। वह उसी टूटे घर के कमरे में अंत में बैठकर उन गोलियों के सहारे सो जाती है।
          ज़िन्दगी और गुलाब के फूल   कहानी में सुबोध भी इसी प्रकार के अकेलेपन, खालीपन तथा उदासी की ओर अग्रसर होता है। सुबोध कभी अच्छी नौकरी किया करता था। तब उसके परिवार में उसकी अच्छी स्थिति थी। परन्तु जब सुबोध ने आत्मसम्मान के खातिर नौकरी छोड़ दी तो उसकी स्थिति खराब हो जाती है। उसकी बहन वृन्दा की नौकरी लग जाने के बाद उसके साथ परिवार में नौकरो जैसा बर्ताव होने लगता है। उसके कमरे से कालीन, मेज, अरामकुर्सी आदि सबकुछ वृन्दा के कमरे में भेज दी जाती है। उसका खाना भी उसके कमरे में यू ही ठण्डा पड़ा रहता है। यहाँ तक कि उसकी शोभा नामक लड़की से विवाह होने वाला था वह भी टूट जाता है। बार-बार अपनी बहन से आहत होते रहने पर एक बार वह झूंझला उठता है – कितने दिनों से गन्दे कपड़े पहन रहा हूँ। पन्द्रह दिन में नालायक धोबी आया, तो उसे भी कपड़े नहीं दिये गये। तुम माँ बेटी चाहती क्या हो ? आज मैं बेकार हूँ, तो मुझसे नौकरों-सा बर्ताव किया जाता है। लानत है ऐसी ज़िन्दगी पर।7 अंततः वह अपनी उदासी और खालीपन के साथ समझौता करते हुए जीने पर विवश हो जाता है। डॉ देवेच्छा के शब्दों में – आत्मसम्मान के एक बिन्दु पर सुबोध अपनी नौकरी से त्याग-पत्र देता है। कोई और काम न मिलने के कारण उसकी स्थिति बिगड़ने लगती है। घर में वह व्यर्थ होने लगता है और निरन्तर उपेक्षा के क्रूर कशाघात पाने लगता है। शोभा का अन्यत्र वाग्दान हो जाता है। यह स्थिति उसे तोड़ जाती है। शोभा का प्रस्तावित पति उसके और शोभा के बीच तीसरा व्यक्ति बनकर आता है और उसे न केवल शोभा से ही अपदस्थ करता है प्रत्युत संपूर्ण परिवार में स्थगित कर जाता है।8 यहाँ जो सुबोध के साथ उपेक्षा का व्यवहार सिर्फ इसलिए किया जाता है क्योंकि वह बेकार है घर की आर्थिक जिम्मेदारी नहीं ले सकता। निरंतर मिल रही उपेक्षा एवं क्रूर व्यवहार से सुबोध के आत्मसम्मान को ही गहरा आघात मिलता है जिससे उसके जीवन में उदासी और अकेलापन छा जाता है। जिस कारण वह न तो घर सही समय पर आता है न उसे घर में चल रही गतिविधियों में कोई रुचि रह जाती है।
          स्वीकृति की जपा को भी अकेलेपन का दंश झेलना पड़ता है। जपा अपने पति के सत्य के साथ अमेरीका रहने आती है। उसके मन में नए विवाह के बाद एक सुन्दर संसार गढ़ने की होती है कि सत्य उसे उसकी इच्छा के विरुद्ध मिशिगन में पंद्रह सौ डॉलर नौकरी पर लगवा देता है क्योंकि सत्य को अपने लिए एक बड़े घर की चाह है, सुन्दर फर्निचर और महंगे टाइल्स के साथ जिसके लिए वह जपा को कड़े तेवर में समझाता है कि वर्तमान परिस्थिति में वे लोग जिस प्रकार रह रहे हैं वहाँ इस प्रकार की नौकरी की आवश्यकता है और फिर वही उसे अकेला छोड़ आता है। जपा जब-जब भी अपने विवाहित संसार को बसाने की बात करती है तब-तब सत्य उसे रोक देता है। शादी की पाँचवी वर्षगांठ मनाने पहुँचे जपा के मन में किसी भी प्रकार की उमंग या अपेक्षा के बजाए ठंडेपन और निरपेक्षता का भाव है जो उसे सत्य से बार-बार प्राप्त होता रहा है। सत्य की इच्छानुसार ही उसे चलना पड़ता है जिस कारण वह इसी विवाहित जीवन से ऊब सी महसूस करने लगती है। वह अपने सहकर्मी (वाल) के प्रति आकर्षित होती है तथा उसके साथ कुछ अच्छे पल बिताती है। पाँचवी वर्षगांठ मनाने के लिए जब सत्य उसे वाशिंटन द्वीप ले आता है और जपा उससे यहा आने का कारण पूछती है तो सत्य का जवाब कि – प्रोफ़ेसर साइमन ने सुझाया था। उन्होंने कहा कि यहाँ आकर या तो सम्बन्ध दृढ़ हो जाते हैं, या फिर टूट ही जाते हैं, बिलकुल।9  यह सुनकर उसे आश्चर्य होने लगता है। रिश्ते में बन्धे होकर भी इस प्रकार की बात करना वस्तुतः मन के भीतर के खालीपन को दर्शाता है। यही एकाकीपन आगे चलकर विभिन्न रूपों में विभिन्न प्रकार की परिस्थितियाँ एवं समस्याएँ खड़ी करता है। जिसे हम अलग-अलग समझ बैठते हैं। सम्बन्धों का विखराव या टूटना ही या उसके प्रति उदासीनता का भाव ही व्यक्ति को पहले अपने-आप में ही अकेला कर देता है। जो कि उषा प्रियंवदा की कहानियों में बार-बार उभरकर आती है। परिवार में साथ रहते हुए भी एक-दूसरे के मनोभावों को न समझना, उनकी उपेक्षा करना इसी प्रकार की समस्याओं को जन्म देता है। अपनों से पाए इस प्रकार के आघातों से व्यक्ति परेशान होता है, अपने-आप को अकेला पाता है तथा इससे निबटने के लिए दूसरे-तीसरे व्यक्ति का सहारा लेने की कोशिश करता है। वह पहले से नहीं जुड़ पाता तो दूसरे से जुड़ना चाहता है लेकिन वह जुड़ाव पूर्ण नहीं हो पाता है। वह व्यक्ति स्वयं को खालीपन से बाहर निकलने के लिए भटकता रहता है। जब वह ऐसा नहीं कर पाता तो गहरी उदासी में डूबता चला जाता है। हालांकि उषा प्रियंवदा की कहानियों में अन्य समस्याएँ भी स्पष्ट रूप से अभिव्यक्त हुई है परन्तु वह एक प्रकार से समग्र आधुनिक समाज की समस्याएँ है।  आधुनिक समाज की समस्याएँ चाहे जैसी भी हो व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से प्रभावित करती ही है। जिसके परिणाम इस प्रकार निकलकर आते हैं। आज के युग के भाग-दौड़ की ज़िन्दगी में लोगों के जीवन के मूल्य एवं मान्यताएँ बदलते जा रहे हैं। आर्थिक, सामाजिक तरह-तरह की समस्याएँ व्यक्तिगत रूप से सभी को प्रभावित करते जा रहे हैं, ऐसे में कमज़ोर या परिस्थिति से हारा हुआ व्यक्ति अपने आस-पास से जुड़कर रहने के बजाए सबसे कटने पर विवश हो जाता है या फिर नए रिश्तों की तलाश में भटकता रह जाता है। जब तक वह अपनी तलाश पूरी नहीं कर लेता या उसमें असफल रह जाता है तब तक वह हताशा, निराशा, घुटन, मृत्युबोध, मूल्य संकट, आत्मकेन्द्रियता, अजनबीपन और अकेलेपन से भर जाता है। लिहाजा लेखिका अपनी कहानियों में इन समस्याओं से उभरकर आने के लिए जीवन के आदर्श एवं व्यवहारिक मूल्यों पर आस्था रखने वाले पात्रों की भी संरचना की है जिनके माध्यम से व्यक्ति अपने जीवन में भटकने से बच जाए।


संदर्भ :
1.    बीसवी शताब्दी का हिन्दी साहित्य – विजयमोहन सिंह, राजकमल प्रकाशन, 2005, नई दिल्ली, पृ. सं –191.
2.    वापसी और अकेली कहानी में व्यक्त अकेलापन – मधुछन्दा चक्रवर्ती, मुक्त कथन, अंक 13, RNI No 27186/75. 2009
3.    सम्बन्ध(कितना बड़ा झूठ)- उषा प्रियंवदा, राजकमल प्रकाशन, 2010, पृ.सं –13.
4.    वही पृ.सं –11.
5.    वही (नींद कहानी) पृ.सं – 55.
6.    वही (नींद कहानी) पृ.सं –57.
7.    ज़िन्दगी और गुलाब के फूल (कहानी)
8.    पचासोत्तरी हिन्दी कहानी- तीसरे आदमी की अवधारणा महिला कहानीकारों के संदर्भ में – डॉ देवेच्छा, आत्माराम एण्ड सन्स, पृ.सं –68-69.
9.    स्वीकृति (कितना बड़ा झूठ)....पृ.सं –75.

बुधवार, 17 सितंबर 2014

शिल्पी कविता का सार




             सुमित्रानंदन पंत के द्वारा लिखित यह कविता एक अद्भुत रचना है। इसमें उन्होंने संसार के सभी शिल्पियों को सार्थक माना है साथ ही साथ उनके समान कविता लिखने वाले कवि को भी शिल्पी बताया है। उन्होंने कवियों के द्वारा जगत-जीवन में भावनाओं,संवेदनाओं, राग-अनुराग जिससे मानव जीवन सार्थक होता है ऐसे तत्वों को निर्मित करने के लिए उन्हें जग-जीवन का शिल्पी कहा है।
            उनकी कविता एक छोटे से प्रश्न से शुरू होती है और अंत कविता के द्वारा अमर सत्य की स्थापना में जाकर होता है। इसमें उन्होंने मानव जीवन में जितनी महत्ता रोटी, कपड़ा या मकान को माना है उतनी ही महत्ता भावना, संवेदना, प्रेम, सत्य को भी माना है। वे प्रश्न करने लगते है—

                                    इस क्षुद्र लेखनी से केवल
                                    करता मैं छाया लोक सृजन?
                                    पैदा हो मरते जहाँ भाव,
                                    बुद्-बुद् विचार ‘औ’ स्वप्न सघन?
            अर्थात् कवि अपनी इस लेखनी को क्षुद्र मानते है और अपने-आप से ही प्रश्न करने लग जाते है कि क्या में सिर्फ अपनी इस लेखनी से मात्र एक छाया लोक का सृजन करता हूँ? क्या ऐसे छाया लोक का सृजन करता हूँ जहाँ भावनाएँ जन्म लेती हैं और मर जाती हैं, जहाँ बुलबुले के समान विचार जन्म लेते हैं और सपने बनते है और मिट जाते हैं। क्या मेरी यह लेखनी केवल यही काम करती है? उन्हें अपनी यह लेखनी तभी सार्थक लगती है जब उनकी भावनाएँ दूसरों के मन में भी घर कर सके। दूसरों में भी भावनाएँ जगा सके। उन्हें मात्र किसी छाया लोक का सृजन कर संतुष्टी नहीं प्राप्त होती है।
            इसी प्रकार वे संसार के एक शिल्पी जो घर का निर्माण करता है उससे पूछते है कि हे शिल्पी तुम जिस जग का निर्माण कर रहे हो। जिसमें ईंट, चूना, पत्थर जोड़ रहे हो, बार-बार हथौड़े मार-मार कर इन्हें मजबूती से जोड़ रहे हो, क्या इससे तुम्हारे इस जग का निर्माण हो जाएगा, क्या इससे तुम जीवन से भरा हुआ घर बना सकोगे? कवि पंत के अनुसार घर न तो ईंट, चूना, पत्थर या दीवारों से नहीं बनती है। उससे तो केवल एक मकान बनता है। घर तो तब बनता है जब उसमें जीवन से भरे लोग हो। उनमें आपसी प्रेम, समझ, संवेदना, एक-दूसरे के प्रति त्याग और सम्मान करने की भावना हो, जो किसी भी परिस्थिति में एक-दूसरे का साथ न छोड़े। वे आगे मानव जीवन के दूसरे शिल्पी किसान पर प्रश्न करते हैं। पूछते है कि ये जो कठिन हलों को बिना रूके, बिना थके जो धरती पर चलाएँ जा रहे हो, जिससे फल, फूल तथा अन्न उग रहे हैं क्या इस पर मानव जीवन वास्तव में निर्भर हैं? मनुष्य को जीने के लिए तो खाने की आवश्यकता है। परन्तु यदि मनुष्य मनुष्य की तरहा न रहकर केवल पशु की भांति खाता-पीता ही रहे तो क्या उससे उसका जीवन चल जाएगा। मनुष्य को जिस प्रकार भोजन की आवश्यकता है उसी प्रकार उसमें इस बात की भी चेतना होनी चाहिए कि उसे दूसरों को भी भोजन खिलाना चाहिए। भूखे लोगों के प्रति यदि दया न हो तो फिर वह कैसा मनुष्य, किसी के मुख से यदि मधुर वाणी न निकले तो फूलों की क्या आवश्यकता है, यदि केवल फल की आशा लेकर काम किया तो क्या किया, यही सारे विचार कवि पंत ने लोगों के सामने अभिव्यक्त किया है। वे चाहते है कि जिस प्रकार मनुष्य के शरीर के लिए भोजन की आवश्यकता है उसी प्रकार मनुष्य की आत्मा के लिए चेतना की आवश्यकता है। वह कहते है कि –

                                    इस अमर लेखनी से प्रतिक्षण
                                    मैं करता मधुर अमृत वर्षण,
                                    जिससे मिट्टी के पुतलों में
                                    भर जाता, प्राण, अमर जीवन।
            अर्थात् कवि अपनी मधुर-मधुर लेखनी से संसार में प्रतिक्षण अमृत की मधुर वर्षा करते रहता है। जिससे माटी के पुतलों में जान आ जाती है। वह चेतना से भर उठता है। यदि मनुष्य की चेतना जगी हुई हो तो वह संसार के लिए बहुत कुछ कर सकता है। वह समाज को नई दिशा दिखा सकता है। लोगों में चेतना को जगा सकता है। इसीलिए कवि को सृजनकार कहा जाता है। क्योंकि उसकी रचना में वह शक्ति होती है जिससे गहरी-से-गहरी नींद में सोया व्यक्ति भी जाग उठता है, उसमें जीवन के सारे रस भर जाते हैं, वह एक जागरूक व्यक्ति बन जाता है। कवि की रचना न केवल व्यक्ति के लिए ही कल्याणकारी होती है बल्कि समाज के लिए भी कल्याणकारी होती है। वह क्रान्ति ला सकती है, अन्याय का विरोध करती है, नवीन सृष्ट का निर्माण भी कर सकती है क्योंकि कवि की रचना कवि के मन में समाज तथा उसमें रहने वाले लोगों के प्रति प्रेम और संवेदना से ही निर्मित होती है।
            कवि पंत आगे कहते है कि वे ऐसे जग का निर्माण कर रहे हैं जिसमें वे मनुष्य के मन को जोड़ रहे हैं। उनके भीतर जो कलह है, घृणा है, एक-दूसरे के प्रति कटुता है उसे काट कर फेंक रहे है और उसकी जगह प्रेम, सत्य, श्रद्धा, भक्ति, समर्पण, संवेदना, चेतना आदि जैसे तत्वों को भरकर आत्मा के लिए मन का भवन बना रहे है। एक ऐसा भवन जिसमें सभी के लिए समान रूप से स्थान हो। वे खरे एवं कोमल शब्दों को चुन-चुन कर मनुष्य के मन में अंकित कर रहे हैं। क्योंकि उनके अनुसार मानव आत्मा का खाद्य प्रेम है और यही प्रेम जगत का आधार है। इसी पर जगत के जीवन निर्भर करता है।
            अंत में वे कहते हैं कि वे जग-जीवन के शिल्पी हैं, उनकी  वाणी के स्वर जीवित है क्योंकि वे अभी-भी निरंतर मनुष्य के मन में प्रेम और भावना को जगाने का काम कर रहे हैं। वे कहते हैं कि वे लोगों के मन जो मांस-खण्ड से बना है उसमें अमर सत्य को मुद्रित कर रहे हैं।

बुधवार, 10 सितंबर 2014

आस.............

काश ज़िन्दगी ने इतनी सारी
मजबूरियाँ न रखी होती मेरे सामने
काश मैंने न हार मानी होती इन
मजबूरियों से अपनी ही ज़िन्दगीे के सामने

हर बार एक आस जगती थी मन में
कि ये होगा, मैं वो करूँगी
ऐसा होगा, वैसा होगा
हर बार चोट लगी आस को
ये न हुआ, कुछ भी न हुआ
कुछ न हो पाएगा अब इस गुज़रते वक्त में

मैं बार-बार साहिल की तरहा
दीवारों से टकराती हूँ
चूर-चूर हो जाने पर भी
खुद को समेट लाती हूँ
न दीवार एक इंच भी खिसकती है
अपनी जगह से
मगर मिट जाती है आस
इस जद्दो-जहत से.....................